बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,12 मई। ग्राम कर्रा निवासी प्रियंका टोप्पो छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के परीक्षा में 325वां रैंक लाते हुए नायब तहसीलदार के पद पर चयनित हुई हैं। जनपद पंचायत राजपुर के एक छोटे से गाँव में रहने वाले प्रियंका टोप्पो ने न केवल अपने जिले का बल्कि राजपुर का भी नाम रौशन किया है।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा परीक्षा 2021 के अंतर्गत विभिन्न 20 सेवाओं हेतु कुल 171 पद विज्ञापित किए गए थे। जहाँ राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा- 2021 का आयोजन 2022 को किया गया तथा विज्ञापित पदों का 15 गुना अभ्यर्थियों का चिन्हांकन किया गया था। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2021 के लिखित परीक्षा का आयोजन मई 2022 को किया गया। मुख्य परीक्षा के लिखित परीक्षा परिणाम के आधार पर कुल 509 अभ्यर्थियों का प्रावधिक आधार पर साक्षात्कार हेतु चिन्हांकन किया गया। राज्य सेवा परीक्षा 2021 का साक्षात्कार 20 सितंबर से 30 सितंबर 2022 तक आयोजित किया गया। साक्षात्कार हेतु चिन्हांकित 509 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया था, जहाँ प्रियंका टोप्पो ने 325वाँ रैंक हासिल करते हुए नायाब तहसीलदार के पद पर चयनित हुईं।
राजपुर के ग्राम कर्रा निवासी प्रियंका टोप्पो प्रेम शंकर की पुत्री व ग्राम पंचायत झींगों के सरपंच विनय भगत की भांजी है। प्रियंका टोप्पो ने वर्ष 2019 से पीएससी की तैयारी शुरु की। पहले प्रयास में ही मेन्स और इंटरव्यू दिलाई किन्तु रैंक अच्छा नहीं होने के कारण पोस्ट नही मिल पाया। 2020 में पुन: मेन्स दिलाई लेकिन इंटरव्यू नही हुआ। वर्ष 2021 में राज्यसेवा प्रारम्भिक परीक्षा में नायब तहसीलदार के पद पर चयनित हुई। प्रियंका टोप्पो के नायब तहसीलदार बनने से उसके परिवार सहित रिश्तेदारों एवं स्थानीय लोगों में हर्ष का माहौल है।


