बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,7 जनवरी।समाजसेवी संस्था जनचेतना कल्याण मंच के द्वारा नगर के वार्ड क्रमांक 13 भुइया टोली में वस्त्र वितरण का कार्यक्रम जनचेतना कल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष विकास दुबे के नेतृत्व में रक्तदाता समूह के प्रमुख आनंद गुप्ता के विशेष उपस्थिति में रखा गया, इस दौरान 200 से अधिक लोगों को कंबल एवं गर्म वस्त्र दिए गए।
जनचेतना कल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष विकास दुबे ने कहा कि विगत 23 वर्षों से लगातार जनचेतना कल्याण मंच के द्वारा कड़ाके की ठंड में गर्म वस्त्र एवं कंबल का वितरण किया जाता रहा है। मेरा प्रयास रहता है कि नगर के उन प्रत्येक घर में गर्म वस्त्र एवं कंबल पहुंचे जहां गरीबी के कारण खरीद नहीं पा रहे हैं जनचेतना कल्याण मंच के पदाधिकारी प्रत्येक वार्ड में घूम घूम कर ऐसे लोगों को चिन्हांकित कर उन लोगों तक गर्म कपड़े एवं कंबल पहुंचाते हैं वही सामूहिक रूप से भी गर्म कपड़े एवं कंबल वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
श्री दुबे ने कहा कि वर्ष भर जनचेतना कल्याण मंच के द्वारा विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम कराए जाते हैं उसी कड़ी में वस्त्र वितरण का कार्यक्रम भी कराया जाता है। रक्तदाता समूह के प्रमुख आनंद गुप्ता ने जनचेतना कल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष विकास दुबे के कार्यों की जमकर प्रशंसा करते हुए वस्त्र दान को महादान बताया उन्होंने कहा कि इस कड़ाके की ठंड में गर्म कपड़े बांटना बहुत बड़ा पुण्य का काम है।इस दौरान जनचेतना कल्याण मंच के सलाम मंसूरी, आशीष गुप्ता मनोज तिवारी,पियूष गुप्त, मिस्टू ठाकुर अजय केवट, अर्पित तिवारी सहित जनचेतना कल्याण मंच के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


