बलौदा बाजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 24 मार्च। बलौदाबाजार शहर के दशहरा मैदान स्थित क्लब कॉम्पलेक्स में आयोजित शतचंडी महायज्ञ के 9वें दिन मंगलवार को मानस कोकिला बृजेश्वरी देवी ने भगवान शिव पार्वती की कथा सुनाते हुए कहा कि बगैर बुलाए किसी के घर नहीं जाना चाहिए वर्ना अपमान होता है।
उन्होंने आधुनिक शिक्षा पद्धति में संस्कार का होना आवश्यक बताते हुए वर्तमान परिवेश के पहनावे को लेकर कटाक्ष किया। बृजेश्वरी देवी ने कथा सुनाते बताया सती देवी के मायके में यज्ञ हो रहा था और उसमें सभी देवताओं को आमंत्रित किया गया पर भगवान शिव को आमंत्रित नहीं किया गया था। सभी देवता वहां पर जा रहे थे। वे शंकर जी को भी ले गए पर वहां उनका अपमान हुआ।
उन्हें पूछा नहीं गया था। स्थान नहीं देने पर वे वापस आ गए। सती माता को भी अपने पिता के यहां यज्ञ होने की सूचना मिली तो वे भगवान भोलेनाथ से बोली कि उनके पिता के यहां यज्ञ हो रहा है वे जाना चाहती है तो भगवान शिव ने कहा कि हमें वहां आमंत्रित नहीं किया गया है, तो कैसे जाएंगे। माता सती ने कहा कि पिता शायद भूल गए होंगे। ऐसे में हमें जाना चाहिए। भगवान शिव ने कहा कि बगैर बुलाए जाने से अपमान होगा और आप सहन नहीं कर पाओगी पर स्त्री हठ तो सब जानते ही हैं। उनके सामने भगवान शिव ने जाने की अनुमति दी पर वहां उनकी माता ने स्वागत तो किया पर पिता ने उनको तवज्जों नहीं दी और न ही स्थान दिया, जिससे उन्हें आत्मग्लानि हुई और वे यज्ञ में भस्म हो गई इसलिए कहा जाता है कि बगैर बुलाए किसी के घर नहीं जाना चाहिए।