बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 3 नवंबर। भाटापारा बस स्टैंड क्षेत्र में सोमवार देर रात युवा कांग्रेस के विधानसभा महासचिव गोविंदा देवदास पर हुए हमले के मामले ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। घटना के संबंध में भाजपा युवा मोर्चा के दो कार्यकर्ता सहित कई अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना बस स्टैंड स्थित बबलू पान ठेला के पास हुई।
शिकायत के मुताबिक, उस समय क्षेत्र से विधायक इंद्र साव का वाहन गुजर रहा था। इस दौरान कथित रूप से भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े एक व्यक्ति द्वारा विधायक के प्रति टिप्पणी किए जाने पर दोनों पक्षों में बहस हो गई। इसी विवाद के बाद आरोप है कि कुछ लोगों ने गोविंदा देवदास पर हमला किया, जिससे उन्हें सिर, हाथ और पीठ पर चोटें आईं।
श्री देवदास ने बताया कि उनके सोने की चैन और हाथ में पहनी ब्रेसलेट भी छीनी गई। फिलहाल वे उपचाराधीन हैं। घटना की शिकायत भाटापारा कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई। पीडि़त पक्ष का कहना है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में देरी की और गंभीर धाराएँ शामिल नहीं कीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है, और आरोपियों की तलाश की जा रही है। साक्ष्य और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की धाराएँ जोड़ी जा सकती हैं।
युवा कांग्रेस ने हमले की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि यह घटना ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ का परिणाम है। संगठन ने कहा कि— यह हमला केवल व्यक्ति पर नहीं बल्कि लोकतांत्रिक शालीनता पर प्रहार है। सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
युवा कांग्रेस ने मांग की है कि — 1. आरोपियों पर प्राणघातक हमले और लूट की धाराओं में मामला दर्ज किया जाए। 2. सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। 3. उच्च-स्तरीय जांच कराई जाए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना में शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। उचित साक्ष्य मिलने पर धाराएँ बढ़ाई जाएंगी। पुलिस ने कहा कि मामला वर्तमान में जांच के अधीन है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वर्तमान में गोविंदा देवदास उपचाराधीन हैं और उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है।


