बलौदा बाजार

अभिषेक और शांतिधारा कर विश्व शांति की कामना
02-May-2025 3:23 PM
अभिषेक और शांतिधारा कर विश्व शांति की कामना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 2 मई।
जैन समाज द्वारा अक्षय तृतीया के दिन आहार दान महापर्व के रूप में तब, त्याग और संयम के साथ श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। यह पर्व जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव आदिनाथ के जीवन से जुड़ा हुआ हैं। 

कार्यक्रम का आयोजन शहर के रामसागर तालाब स्थित जैन मंदिर में किया गया जहां प्रभु जिनेन्द्र का अभिषेक और शांतिधारा कर विश्व शांति की कामना की गई। साथ ही भगवान आदिनाथ की विशेष पूजन की गई। 

समाज के अनेक श्रद्धालुजन एकासन एवं उपवास रखकर पर्व के प्रति अपनी गहन आस्था प्रकट की। इस अवसर पर जैन महिला मंडल द्वारा मंदिर परिसर के बाहर आने जाने वाले श्रद्धालुओं को गन्ने का रस सेवा भाव से वितरित किया गया। समाज के अध्यक्ष दिनेश जैन ने बताया कि भगवान ऋषभदेव ने दीक्षा लेने के बाद एक वर्ष तक आहार नहीं लिया। जब राजा श्रेयांश ने उन्हें इझु रस गन्ने का रस अर्पित किया तभी उन्होंने प्रथम आहार ग्रहण किया। 

 

यह ऐतिहासिक घटना अक्षय तृतीया के दिन ही घटित हुई थी। इसलिए इस दिन को आहार दान महापर्व के रूप में मनाया जाता हैं। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार अक्षय तृतीया पर किया गया पुण्य व शुभ कार्य अक्षय फल प्रदान करता हैं।

इस अवसर पर जैन महिला मंडल की अध्यक्ष सुमन जैन, सहित ममता जैन, ज्योति जैन, नविता जैन, सारिका जैन, सुनिधि जैन, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, अमित जैन, जितेंद्र जैन, संजय जैन, सुभाष जैन, सुधीर जैन, प्रियांशु जैन सहित बड़ी संख्या में समाज जैन शामिल रहे। कार्यक्रम में सभी ने मिलकर भक्ति भाव से सहभागी बन इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।


अन्य पोस्ट