‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 जनवरी। गरियाबंद में सुरक्षाबल के जवानों को नक्सलियों के खिलाफ मिली कामयाबी पर देश के गृह मंत्री अमित शाह ने जवानों की पीठ थपथपाई है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि नक्सलमुक्त भारत बनाने के उनके अभियान में सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। देश में नक्सलवाद अपनी आखिरी सांसे गिन रहा है।
अमित शाह के इस ट्वीट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लिखा कि - गृहमंत्री जी! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आपके कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश-प्रदेश को मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त बनाने का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा।
ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर 14 नक्सलियों का खत्मा, यह दर्शाता है कि नक्सलवाद की जड़ें अब पूरी तरह कमजोर हो चुकी हैं। हमारा अटूट संकल्प है - नक्सल मुक्त भारत, और यह सफलता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।