विचार / लेख
प्रकाश दुबे
चुनाव आयोग की छटपटाहट से छूटकर अशोक लवासा एशियन विकास बैंक गए। एडीबी से लौटने वाले दिवाकर गुप्ता की अगवानी का इंतजाम रिजर्व बैंक आफ इंडिया के काबिल गवर्नर शक्तिकांत दास ने पहले से कर रखा है। कोरोना महामारी के कारण बड़े बड़े परेशान हैं। कर्ज चुकता नहीं कर पाने वाले इन बड़ों की परेशानी का समाधान तलाश करने के लिए रिजर्व बैंक ने महारथी विशेषज्ञों की समिति बनाई है। गुप्ता इस विशेषज्ञ समिति में गुप्ता बहैसियत विशेषज्ञ शामिल होंगे। जिन दिनों शक्ति कांत दास देश के वित्त सचिव थे, उन दिनों दिवाकर स्टेट बैंक से एडीबी में भेजे गए थे। कुंदापुर वामन कामथ समिति के अध्यक्ष हैं। अजी, कामथ को नहीं जानते? वही, कई शून्य वाली योजना का मखौल उडऩे पर, जिन्हें निर्मला सीतारामन की जगह वित्त मंत्री बनाए जाने की चर्चा गरम थी। के वी कामथ को ब्राजील, रूस, भारत, चीन,दक्षिण अफ्रीका के संगठन ब्रिक्स में जि़म्मेदारी सौंपी गई थी। अम्बानी परिवार के मित्र कामथ के कामकाज से प्रधानमंत्री परिचित भी हैं और प्रभावित भी।
हरियाणा में वक्रतुंड
ताकतवर अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप जैसे राष्ट्रपति ने गलबहिंयां यार नरेन्द्र मोदी से दो पहिया वाहनों के आयात पर शुल्क कम करने की सिफारिश की। दुनिया की संभवत: सबसे महंगी हार्ले डेविडसन को भारत में अधिक मुनाफा दिलाना था। खड़ी बाइक पर विराजमान अतिविशिष्ट की छवि सार्वजनिक होने पर बखेड़ा हो चुका है। तस्वीर पर फब्ती कसने वाले वकील प्रशांत भूषण कटघरे में खड़े हैं। पौराणिक अप्सरा मेनका विश्वामित्र को छोडक़र चल दी थी। इस कंपनी ने भारत छोडऩे का मन बना लिया है। कारखाने पर ताला लगने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को आत्मनिर्भरता का अवसर मिलेगा। प्रचार में दम लगाने के बावजूद कोरोना काल में रोजाना एक बाइक नहीं बिकी। दम भाई किसके? दम लगाई लेकिन अब...।
विघ्नहर्ता और मूषक
तेज़तर्रार लोकदलवादी सत्यपाल मलिक जम्मू-कश्मीर को भारत में मिलाने के बाद जिला स्तर के गोवा राज्य फेंके गए। साल भर पूरा करने से पहले बादलों के घर मेघालय उड़े। केन्द्र शासित जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल बने नौकरशाह गिरीश चन्द्र मुर्मू भारत के नियंत्रक एवं महालेखा निरीक्षक बनाए गए हैं। अपनी अपनी किस्मत। मलिक प्रधानमंत्री के चुनावी राज्य के राजनीतिक हैं। मुर्मू उनके गृहराज्य के आइएएस। सीएजी देश के हिसाब किताब की जांच पड़ताल का सबसे बड़ा अधिकारी है। मूर्मू के कामों की झलक पाकर उनकी जिम्मेदारी का अनुमान लगाना आसान होगा। सुपुर्द चालू साल के अंदर सीएजी को कई बड़ी योजना के खर्च की आडिट करनी है। मसलन- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री सहज बिजली योजना आदि आदि। और हां, कोरोना काल में खरीदी में भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच भी होनी है।
स्वराज द्वीप में श्रीगणेश
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज़ाद हिंद सेना ने 15 अगस्त 1947 से पहले ही अंडमान निकोबार द्वीप समूह को स्वतंत्र कर स्वराज द्वीप नाम करण किया। स्वराज नाम सरकारी कागज़ात में दर्ज कराने में आज़ाद भारत को सत्तर साल लगे।स्वतंत्रता दिवस से पांच दिन पहले प्रधानमंत्री ने दिल्ली में बटन दबाकर चेन्नई से अंडमान को जोडऩे वाली संचार योजना का श्री गणेश किया था। इस उपलब्धि की स्वतंत्रता दिवस पर जानकारी दी। लक्षद्वीप भी इसी तकनीक से जोडऩे का ऐलान किया।
परियोजना के उद्घाटन से लेकर लाल किले का कंगूरा चढऩे तक किसी ने प्रधानमंत्री को द्वीप समूह में इंटरनेट की सही स्थिति की जानकारी नहीं दी। प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने के लिए द्वीपवासी दूरदर्शन और आन लाइन मीडिया टटोलते रहे। सुस्त इंटरनेट ने तेज गति से चलने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। विकास की मीठी बातें सुनने वाले काला पानी के निवासियों ने संचार मंत्री और भारत संचार निगम से गुहार लगाई- इंटरनेट की गति बढ़ाने वाला बटन दबाना भूल गए क्या?
(लेखक दैनिक भास्कर नागपुर के समूह संपादक हैं)


