सरगुजा

आलोक लोस अध्यक्ष, वेदप्रकाश सरगुजा जिलाध्यक्ष तो सिकन्दर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 21 जुलाई। प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजना जागरूकता अभियान के महासचिव सच्चिदानंद उपासने, प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सोनकर, प्रदेश संगठन महामंत्री आलोक श्रीवास्तव व प्रदेश महामंत्री रामकृपाल साहू की सहमति व संभागीय अध्यक्ष विनोद हर्ष की अनुशंसा पर विभिन्न पदों में क्रमश: सरगुजा लोकसभा अध्यक्ष के पद पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नगर निगम पार्षद आलोक दुबे व सरगुजा जिलाध्यक्ष के पद पर भाजपा नेता वेदप्रकाश शर्मा को नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार सरगुजा जिला महामंत्री के लिए अनिल तिवारी व पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल जायसवाल को महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है।
विधानसभा अध्यक्षों के क्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रभात खलखो को सीतापुर विधानसभा अध्यक्ष, जनपद सदस्य व कर्मठ आदिवासी नेता बिहारी लाल तिर्की को लुण्ड्रा विधानसभा के अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा गया है। इसी प्रकार अभियान के युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष का दायित्व दमदार युवा भाजपा नेता नगर निगम पार्षद सिकन्दर जायसवाल को दिया गया है।
अभियान के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सोनकर ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर बने इस विशेष राष्ट्रीय अभियान के आप सभी महत्वपूर्ण अंग हैं। आप सभी के कंधों पर भाजपा नीत केंद्र सरकार की सैकड़ों योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, समझाने व उनका समय पर क्रियान्वयन हो, इसकी महती जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री का अभियान के पदाधिकारी, सदस्यों को स्पष्ट निर्देश है कि आप अपने अपने क्षेत्र में आम जनता तक योजनाओं के समुचित लाभ को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी से संपर्क, संवाद कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी भूमिका का ईमानदारी से निर्वहन करें। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सभी क्रम के जिलाध्यक्ष शीघ्र अपनी टीम का गठन कर प्रदेश कार्यालय प्रेषित करें।