सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 मई। टूलकिट जैसा अनेकों षड्यंत्र एवं भाजपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद भाजपा द्वारा चलाए जा रहे प्रदेश व्यापी विरोध प्रदर्शन के तारतम्य में अंबिकापुर में भाजपा नेताओं द्वारा सदर कोतवाली थाना के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह व राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ भूपेश सरकार द्वारा अपराध दर्ज कर छत्तीसगढ़ में बदले की राजनीति शुरू की जा रही है। देश को बदनाम करने टूलकिट की घटिया राजनीति करने वाले कांग्रेसियों को हम आगाह करते हैं कि अगर सरकार में दम है तो हमारे खिलाफ भी अपराध दर्ज किया जाए और हम सबको भी गिरफ्तार किया जाये।
उन्होंने कहा कि यह बहुत गंभीर मामला है एक ऐसा ही टूलकिट कांग्रेसियों द्वारा किसान आंदोलन के समय चलाकर मोदी सरकार को विदेशों में बदनाम करने का षडय़ंत्र किया गया, उससे पहले एनआरसी व सीएए में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश व सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार करने की योजना बनाई गई।
कोरोना काल के पहले दौर की समाप्ति के लिए किये गये सफल प्रयासों से जिस तरह मोदी जी की वैश्विक छवि ग्लोबल लीडर के रूप में उभरी थी, उससे कांग्रेसी घबराकर इस दूसरी लहर में कैसे राजनैतिक लाभ उठाना है कैसे लाशों की नुमाइश करनी है भिन्न-भिन्न प्रकार का षडय़ंत्र रचने लगे। इससे लगता है कि कांग्रेस कोरोना के खिलाफ न होकर देश के खिलाफ काम कर रही है।
सरगुजा भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार निरंकुश हो गई है, यहां कांग्रेस के मंत्रियों में मतभेद चरम पर है। स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है, सरकार चलाने में विफल यह लोग बदले की भावना से प्रेरित होकर सच्चाई की आवाज कुचलने को तत्पर हैं लेकिन भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता आपत्ति विपत्ति और इस विपदा परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है, और अपने सेवा भाव से कभी पीछे नहीं हटेगी।
छत्तीसगढ़ के भूपेश सरकार को अपनी विफलता छुपानी है और भाजपा के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को एफ आई आर दर्ज कर डराने धमकाने का कार्य शुरू कर दिया है, इसलिए भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार के मनमानी के खिलाफ जेल भरो आंदोलन का आह्वान किया गया है , इसके तहत सरगुजा जिला में सभी पुलिस थाना और चौकी के सामने कोविड-19 नियम का पालन करते हुए भाजपा के 5-5 लोग प्रदर्शन के साथ गिरफ्तारी दिया जाएगा, जिसके तहत आज भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, मेजर अनिल सिंह प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, विजय नाथ सिंह ने सदर कोतवाली के समक्ष शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन किया तथा गिरफ्तारी देने उपस्थित हुए। दो घंटे तक धरना प्रदर्शन किया गया लेकिन इन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया।उपरोक्त जानकारी भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता ने दी।