सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 अप्रैल। सरगुजा जिले के मैनपाट वन परिक्षेत्र से लगे धरमजयगढ़ वन मंडल के बोरो रेंज कापू वन परिक्षेत्र में हाथी का शव मिलने और हाथी के दोनों दांत गायब होने के मामले में मुखबिर की सूचना पर वन विभाग ने मैनपाट वन परिक्षेत्र के ग्राम ललेया निवासी एक ग्रामीण के घर से हाथी के दोनों दांत बरामद कर लिए है।
मामले में फिलहाल एक ग्रामीण को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार होली के 1 दिन पहले मैनपाट वन परीक्षेत्र से लगे रायगढ़ के बोरो रेंज में हाथी का शव ग्रामीणों ने देखा था। शव की स्थिति देखने से यह तो स्पष्ट था कि वह कई दिन पुराना था। हाथी के दोनों दांत गायब थे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दांत काट कर ले जाने का संदेह भी जताया था।
मैनपाट के ग्राम ललेया और आसपास के बसाहट में रहने वाले कुछ लोग मवेशियों को चराने जंगल गए हुए थे। उसी दौरान मैनपाट वन परिक्षेत्र की सीमा से लगे कापू वन क्षेत्र के पहाड़ी के जंगल में तेज दुर्गंध से उन्हें संदेह हुआ था। वे आगे बढ़े तो एक स्थान पर हाथी का शव दिखा था।
उस वक्त ललेया के ग्रामीणों ने वन विभाग के मैदानी कर्मचारियों को सूचना दे दी थी। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच उपरांत हाथी का पोस्टमार्टम कराया था। जिसमें हाथी के दोनों दांत गायब होने की पुष्टि होने पर वन विभाग की टीम लगातार जांच में जुटी हुई थी। इस बीच मुखबिर से सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने ग्राम ललेया में दबिश दी। वहां दीना मझवार के घर से हाथी के दोनों दांत वन विभाग ने बरामद कर लिए हैं।