सरगुजा

कहा भाजपा की दोहरी भूमिका को किसान समझ गए हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 22 मार्च। अंबिकापुर नगर के कोठी घर में सरगुजा जिला कांग्रेस के अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने जो वादा किया था उसे पूरा किया, जिसके कारण आज किसानों में हर्ष है। सरकार ने रबी खेती के हार्वेस्टिंग के पहले व होली के पूर्व राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किश्त सही समय पर दिया है, इससे किसानों को काफी लाभ होगा। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा डाली गई तमाम बाधाओं और खड़ी की गई समस्याओं का बखूबी सामना करते हुए छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने किसानों को राजीव गांधी न्याय योजना की राशि सफलतापूर्वक दे दी है।
चौथी किस्त के भुगतान के साथ स्पष्ट हो गया है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार और कांग्रेस पार्टी जो कहती है वह करती है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अपने राज्य के किसानों से लगभग 91.25 लाख मीट्रिक टन धान घोषित समर्थन मूल्य में खरीदकर एक रिकॉर्ड बनाया है। धान खरीदी के बाद राज्य के किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए कांग्रेस सरकार ने किसानों को न्याय योजना के माध्यम से 10 हजार प्रति एकड़ की सहायता दे रही है। दूसरे चरण में धान, गन्ना मक्का के अलावा दलहन तिलहन, कोदो कुटकी उत्पादक किसानों को भी शामिल किया जाएगा। इस योजना में भूमिहीन और सीमांत किसानों को शामिल कर मुख्यमंत्री ने राज्य की एक बड़ी आबादी की आर्थिक उन्नति के द्वार खोल दिए हैं।
श्री गुप्ता ने आगे बताया कि केंद्र की मोदी सरकार ने 2022 पर किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया लेकिन आज तक किसान हित में कोई ठोस पहल नहीं की। छत्तीसगढ़ में रमन सरकार के 15 साल में किसानों से जो वादाखिलाफी और धोखाधड़ी हुई है उसे सभी बखूबी जानते हैं। छत्तीसगढ़ में मांग करने और केंद्र से रोक लगाने की भाजपा की दोहरी भूमिका को किसान समझ गए हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल राजीव गांधी किसान योजना पर रोक लगाने की बात करते हैं तो भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह, भाजपा विधायक दल के नेता धरमलाल कौशिक व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय खामोश क्यों हैं? केंद्र की भाजपा सरकार का किसान विरोधी चरित्र बेनकाब हो चुका है। छत्तीसगढ़ भाजपा किसानों के साथ होने का दिखावा बंद करें। भाजपा की केंद्र सरकार के साथ-साथ रमन सिंह सहित तमाम भाजपा नेता किसान के विरोध में हैं।
पे्रसवार्ता को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बालकृष्ण पाठक ने संबोधित करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में कांग्रेस की सरकार किसानों की उम्मीद पर खरी उतरी है। केंद्र सरकार के सौतेला व्यवहार के बावजूद छत्तीसगढ़ सरकार नंबर वन पर है। छत्तीसगढ़ को अब तक कई अवार्डों से सम्मानित किया जा चुका है, सरकार ईमानदारी के साथ काम कर रही हैं।
अजय अग्रवाल ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि किसान सडक़ पर आंदोलन करते रहे और प्रधानमंत्री व्यंग्य और जुमलाबाजी से बाज नहीं आए। केंद्र ने छत्तीसगढ़ सरकार को कभी चावल खरीदी तो कभी बारदाना को लेकर परेशान करते आई है। केंद्र सरकार की मंशा थी कि छत्तीसगढ़ सरकार को बदनाम किया जाए व यहां के किसानों को परेशान किया जाए। केंद्र सरकार के इस रवैया के कारण आगामी समय में धान खरीदी भी प्रभावित हो सकती है।
जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि 15 साल में भाजपा की सरकार ने कभी भी इतनी मात्रा में धान की खरीदी क्यों नहीं की? केंद्र सरकार कॉरपोरेटिव मूवमेंट को बंद कर देना चाहती है। किसानों को चौथी किस्त का भुगतान करना ऐतिहासिक कार्य है।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि सरकार जो जो वादा करते आ रही है, उसे मूर्त रूप देते जा रही है। चौथी किस्त देने से किसान और आर्थिक रूप से सशक्त होंगे और आगे की आगे की खेती के लिए उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी।इसलिए सरकार ने सही समय पर किसानों के खाते में पैसे डाल दिया है।