सरगुजा

सरगुजा में कड़ाके की ठंड
16-Jan-2021 8:08 PM
  सरगुजा में कड़ाके की ठंड

   अंबिकापुर में पारा 6 डिग्री तो मैनपाट में 3.5 डिग्री पर   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 16 जनवरी। उत्तर पश्चिम की ओर से आने वाली शुष्क हवाओं ने एक बार फिर से सरगुजा में ठंड को बढ़ा दिया है। अंबिकापुर में इस सीजन का सबसे न्यूनतम तापमान 6 डिग्री शनिवार को दर्ज किया गया, इसके पहले गत 22 दिसंबर को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री तक पहुंचा था। छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट के भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है यहां 3.5 डिग्री पर पारा पहुंच गया है। इसके अलावा बलरामपुर जिला 4 डिग्री पर पहुंच गया है तो वही कोरिया व जशपुर जिले में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।उत्तर-पश्चिम की ओर से आ रही ठंडी हवा से सरगुजा के लोग इन दिनों ठिठुर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट में मैदानी घास व पुआलों की ढेर में पाला पडऩे से सफेद चादर जैसा बिछा हुआ नजारा दिखाई दीया। इसके अलावा सरगुजा संभाग के बलरामपुर-रामानुजगंज जिला स्थित सामरी पाट में भी पाला पडऩे से लोग ठिठुरते नजर आए। लोग ठंड से बचने गर्म कपड़े व अलाव का सहारा ले रहे हैं।

मौसम जानकार एमएम भट्ट ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ खत्म होने के बाद उत्तर पश्चिम की ओर से शुष्क हवा आने के कारण तापमान में गिरावट आई है। अगले दो-तीन दिनों तक तापमान ऐसे ही रहेगा। 22 जनवरी के आसपास वेस्टर्न डिस्टरवेंस होने की संभावना है उसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी।

शुष्क हवा के आने से उतर छत्तीसगढ़ के खासकर सरगुजा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तापमान में तगड़ी गिरावट से पूरा संभाग ठंड की चपेट में आ गया है। स्थिति यह रही कि धूप निकलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम पूरी तरह साफ होने से ठंड अब अपने पूरे शबाब पर है।शाम ढलते ही सडक़ों पर चहल पहल कम हो गई है।

ठंड का असर संभाग के पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा है।


अन्य पोस्ट