सरगुजा

फसल बचाने पहुंचे ग्रामीण पर हाथी का हमला, युवक घायल
24-Nov-2026 11:29 PM
फसल बचाने पहुंचे ग्रामीण पर हाथी का हमला, युवक घायल

 5 एकड़ करेले की फसल भी तबाह, पांच गांवों में अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 नवंबर। बतौली क्षेत्र के टीरंग गांव में सोमवार को हाथी के हमले से एक ग्रामीण घायल हो गया। खेतों में फसल को हाथियों से बचाने के लिए जुटे ग्रामीणों के बीच अचानक एक नर हाथी ने जागेश्वर उर्फ मंत्री को निशाना बना लिया। हाथी ने युवक को दौड़ाकर पटक दिया, जिससे वह घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार, जशपुर वन क्षेत्र से तीन हाथियों का दल सरगुजा वन परिक्षेत्र में दाखिल हुआ था। दल में एक नर, एक मादा और एक हाथी का बच्चा शामिल था। सोमवार को हाथियों का समूह टीरंग गांव पहुंचा, जहां खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाने लगा। फसल बचाने के लिए ग्रामीण हाथियों को भगाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान नर हाथी आक्रामक हो गया और जागेश्वर उर्फ मंत्री पर हमला कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम घायल युवक को बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भेज दिया गया।

हाथियों ने गांव के एक किसान के लगभग पांच एकड़ में लगी करेले की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से हाथियों को गांव से बाहर खदेड़ा गया। इसके बाद मादा हाथी अपने बच्चे के साथ लुंड्रा वन क्षेत्र की ओर चली गई, जबकि नर हाथी जंगल में अकेले घूम रहा है।

सहायक रेंज अधिकारी बतौली पालेश्वर राम ने बताया कि नर हाथी की निगरानी और तलाश के लिए वन विभाग की टीम जुटी हुई है। हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए चेउरपानी, नावापारा, घोघरा, बांसाझाल और मानपुर गांव के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।


अन्य पोस्ट