सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,24 नवंबर। सरगुजा जिले में पदस्थ 14 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को जिला व्यवहारिक प्रशिक्षण के तहत विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार ये प्रशिक्षु उप निरीक्षक 25 नवंबर 2026 से 25 जनवरी 2027 तक आवंटित थानों और चौकियों में प्रभार संभालेंगे।
प्रशिक्षु अधिकारियों को यह जिम्मेदारी पुलिस विभाग की मैदानी कार्यप्रणाली से परिचित कराने और पदीय दायित्वों के प्रभावी निर्वहन का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से दी गई है। इस दौरान वे थाना एवं चौकी स्तर पर होने वाले कार्यों को समझने के साथ पुलिसिंग की बारीकियां भी सीखेंगे।
जारी आदेश के अनुसार अनिल कुमार को चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल अंबिकापुर, भीखम लाल साहू को थाना मणिपुर, हर्ष कुमार को थाना बतौली, शिव कुमार ध्रुव को थाना लुंड्रा, विवेक चंद्राकर को चौकी केदमा, डिगेश्वर वर्मा को थाना उदयपुर, महेश कुमार को चौकी केरजू, शशिकांत को चौकी कुन्नी, देव सिंह को थाना धौरपुर, सुषमा मंडावी को महिला थाना, भारतीय मारकंडेय को थाना दरिमा, नरित्ता सोरी को थाना अजाक, आशी झा को थाना लखनपुर तथा अनुराग वर्मा को थाना कमलेश्वरपुर का प्रभार सौंपा गया है।
प्रशिक्षण अवधि शुरू होने से पहले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन ने सभी प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की ब्रीफिंग लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने, बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
आदेश के अनुसार संबंधित थानों एवं चौकियों के वर्तमान प्रभारी अपने पदों पर यथावत रहेंगे और प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। उनके कार्यों की नियमित निगरानी और प्रशिक्षण की प्रगति का मूल्यांकन भी किया जाएगा।