सरगुजा

ताला तोडक़र चार बकरा-बकरी चोरी
23-Nov-2026 9:49 PM
ताला तोडक़र चार बकरा-बकरी चोरी

लग्जरी कारों में सवार होकर गांव पहुंच रहे चोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 23 नवंबर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में बकरा-बकरी चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। लग्जरी कारों में सवार होकर गांव पहुंच रहे अज्ञात चोर रात के अंधेरे में पशुपालकों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला ग्राम चोडेया का है, जहां घर के सामने बने कमरे का ताला तोडक़र पांच बकरा-बकरी चोरी कर लिए गए। इस घटना में पशुपालक को करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, 20 और 21 नवंबर की दरमियानी रात कार सवार अज्ञात चोर ग्राम चोडेया पहुंचे। उन्होंने पशुपालक दीप नारायण पिता स्व. शिवलाल के घर के सामने बने कमरे का ताला तोड़ा और अंदर बंधे पांच बकरा-बकरी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पशुपालक ने 22 नवंबर को लखनपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने आवेदन दिया है।

गौरतलब है कि क्षेत्र में इससे पहले भी लग्जरी वाहनों से पहुंचकर बकरा-बकरी चोरी करने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से पशुपालकों में भय और नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि झारखंड और बिहार से आने वाले व्यापारी गांवों में पहुंचकर बकरा-बकरी की खरीदी करते हैं। आशंका जताई जा रही है कि कुछ बाहरी और स्थानीय व्यापारियों की मिलीभगत से चोरी के पशुओं को दूसरे राज्यों में खपाया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पूर्व में लखनपुर पुलिस दूसरे राज्य से चोरी हुए बकरा-बकरी बरामद कर पशुपालकों को सौंप चुकी है। इसके बावजूद चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों की जांच करने और चोरी में शामिल गिरोह का पता लगाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लगातार हो रही घटनाओं से पशुपालक अपनी मेहनत और पूंजी से पाले गए पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।


अन्य पोस्ट