सरगुजा

मंत्री राजेश अग्रवाल ने झिरमिटी पहुंचकर कबरा हाथी के हमले से प्रभावित परिवारों से की मुलाकात
20-Nov-2026 8:43 PM
मंत्री राजेश अग्रवाल ने झिरमिटी पहुंचकर कबरा हाथी के हमले से प्रभावित परिवारों से की मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर, 20 नवंबर। गुरुवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल जी ग्राम झिरमिटी पहुंचे, जहां उन्होंने कबरा हाथी के हमले में मृत एवं घायल हुए लोगों के प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इस दौरान उन्होंने परिजनों से चर्चा कर उन्हें हरसंभव सहयोग एवं उचित सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि वन्यजीवों और ग्रामीणों के बीच संघर्ष की स्थिति को रोकना, प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा हुए नुकसान की भरपाई कराना हमारी प्राथमिकता है।  प्रभावित परिवारों से मुलाकात के बाद मंत्री जी अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हुए।

इसके पश्चात मंत्री राजेश अग्रवाल जी ग्राम उदयपुर में 1857 में ब्रिटिश सरकार की हड़प नीति का प्रबल विरोध करने वाले, उदयपुर डीह के संस्थापक तथा उदयपुर एवं रामगढ़ के प्रथम बैगा भूमका पुजारी श्रद्धेय मोहन बैगा जी के नाम पर चौक के नामकरण एवं उनके जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर उन्होंने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीरता, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देने के इस प्रयास की सराहना की।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा -श्रद्धेय मोहन बैगा जी के संघर्ष, योगदान और ऐतिहासिक विरासत को सादर नमन।


अन्य पोस्ट