सरगुजा

गांजा संग पति-पत्नी बंदी
21-Nov-2026 11:07 PM
गांजा संग पति-पत्नी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 नवंबर। गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गांजा बेचने के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.640 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 32 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को गांधीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनारस रोड चठिरमा निवासी रिपन बाला अपनी पत्नी के साथ घर के पीछे बाड़ी में गांजा छिपाकर रखता है और कागज व प्लास्टिक की पुडिय़ा बनाकर 50 और 100 रुपये में इसकी बिक्री कर रहा है।

सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान रिपन बाला और उसकी पत्नी को पकड़ा गया। पुलिस ने घर के पीछे बाड़ी में छिपाकर रखे सफेद प्लास्टिक के झोले की तलाशी ली, जिसमें से कुल 4.640 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त कर लिया।

मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना गांधीनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट