सरगुजा

धनतेरस पर बाजारों में बरसी धनवर्षा, सोना-चांदी और गाडिय़ों की जमकर हुई खरीदारी
06-Nov-2026 11:06 PM
धनतेरस पर बाजारों में बरसी धनवर्षा, सोना-चांदी और गाडिय़ों की जमकर हुई खरीदारी

 इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी रही रौनक, कारोबारियों के खिले चेहरे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 6 नवंबर। धनतेरस के शुभ अवसर पर अंबिकापुर का बाजार पूरी तरह गुलजार नजर आया। सुबह से देर रात तक शहर के प्रमुख बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ती रही। दीपावली की खुशियों के बीच लोगों ने परंपरा और शुभ मुहूर्त का विशेष ध्यान रखते हुए सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दोपहिया और चारपहिया वाहन सहित घरों की साज-सज्जा से जुड़ी वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। बाजार में उमड़ी भीड़ और ग्राहकों के उत्साह ने कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक ला दी। कुल मिलाकर धनतेरस पर शहर में करोड़ों रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।

धनतेरस पर सबसे ज्यादा रौनक सराफा बाजार में देखने को मिली। सोने-चांदी के आभूषण खरीदने के लिए सुबह से ही ज्वेलरी शोरूम में ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया था। महिलाओं ने अपनी पसंद के सोने के हार, मंगलसूत्र, अंगूठी, कान के आभूषण और चांदी के जेवर खरीदे। परसू आभूषण भंडार सहित शहर के अन्य प्रमुख ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। कई परिवारों ने शुभ अवसर पर निवेश और परंपरा के लिहाज से सोने-चांदी की खरीदारी को प्राथमिकता दी।

धनतेरस पर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार भी खूब चमका। लोगों ने घरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए फ्रिज, वाशिंग मशीन और एलईडी टीवी सहित विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की खरीदारी की। खासकर घरेलू उपयोग के इलेक्ट्रॉनिक सामान की मांग अधिक रही। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए आकर्षक ऑफर और विभिन्न मॉडल उपलब्ध कराए थे। परिवारों ने अपनी जरूरत और बजट के अनुसार पसंदीदा सामान खरीदा।

वाहनों की खरीदारी में भी करोड़ों का कारोबार

धनतेरस पर वाहन बाजार में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दोपहिया वाहनों के शोरूम से लेकर चारपहिया वाहन प्रतिष्ठानों तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। कई लोगों ने धनतेरस के शुभ मुहूर्त में नई गाड़ी घर लाने का सपना पूरा किया। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में ग्राहकों ने पहले से ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बुकिंग करा रखी थी। धनतेरस के दिन शुभ समय पर वाहनों की डिलीवरी लेने के लिए लोग परिवार के साथ शोरूम पहुंचे। वाहन कारोबारियों के अनुसार त्योहार को लेकर पहले से ही अच्छी तैयारी की गई थी और ग्राहकों में खासा उत्साह रहा।

झाड़ू से लेकर सजावटी सामान तक की खरीदारी

धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के अनुसार धनतेरस पर झाड़ू खरीदने का भी विशेष महत्व माना जाता है। इसी वजह से बाजार में झाड़ू की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ रही। इसके साथ ही लोगों ने घरों को दीपावली के लिए सजाने के उद्देश्य से सजावटी सामान, पूजा सामग्री, दीपक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की।

 धनतेरस के मौके पर बाजार में दिखाई दिया उत्साह यह संकेत दे रहा है कि दीपावली तक खरीदारी का सिलसिला और तेज होगा। कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी बाजार में ग्राहकों की अच्छी आवाजाही बनी रहेगी और त्योहार के अंतिम दिनों तक व्यापार में तेजी जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट