सरगुजा
अलंकार तिवारी और मुजाहिद खान संभालेंगे कैंप की जिम्मेदारी, प्रतिभाओं को तराशने पर रहेगा जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 सितंबर। सरगुजा संभाग की क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच और प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से गांधी स्टेडियम में गुरुवार से अंडर-19 खिलाडिय़ों का जिला स्तरीय क्रिकेट कैंप शुरू हो गया। कैंप में खिलाडिय़ों की तकनीकी क्षमता के साथ फिटनेस, अनुशासन और मैच की परिस्थितियों के अनुरूप खेल कौशल विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। कैंप की जिम्मेदारी क्रिकेट कोच अलंकार तिवारी और मुजाहिद खान संभालेंगे।
कैंप के दौरान खिलाडिय़ों के प्रदर्शन का बारीकी से आकलन किया जाएगा। बल्लेबाजों को शॉट चयन, फुटवर्क, डिफेंस और स्ट्राइक रोटेशन का अभ्यास कराया जाएगा, जबकि गेंदबाजों के लिए लाइन-लेंथ, स्विंग, सीम और गेंदबाजी में विविधता पर विशेष ध्यान रहेगा। विकेटकीपिंग, क्षेत्ररक्षण और फिटनेस अभ्यास भी प्रशिक्षण का हिस्सा होंगे।
इसके साथ ही गांधी स्टेडियम में 26 सितंबर को अंडर-23 और सीनियर वर्ग के खिलाडिय़ों का ट्रायल आयोजित किया जाएगा। ट्रायल के दौरान खिलाडिय़ों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी, विकेटकीपिंग और क्षेत्ररक्षण में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उनके प्रदर्शन के आधार पर खेल क्षमता का आकलन किया जाएगा।
कैंप को लेकर खिलाडिय़ों में उत्साह है। क्रिकेट से जुड़े लोगों का कहना है कि नियमित प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी माहौल से युवा खिलाडिय़ों को अपनी तकनीकी कमियों को पहचानने और उनमें सुधार करने का अवसर मिलता है। कैंप और ट्रायल के माध्यम से सरगुजा की नई क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढऩे का मंच मिलने की उम्मीद है।