सरगुजा

सरिया लोड खराब ट्रेलर से भिड़ीं 2 गाडिय़ां, 4 घंटे जाम रहा अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग
21-Sep-2026 9:25 PM
सरिया लोड खराब ट्रेलर से भिड़ीं 2 गाडिय़ां, 4 घंटे जाम रहा अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग

एनएच-130 पर सडक़ किनारे हादसा, एक ड्राइवर जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 सितंबर। बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर तारा और जटगा चौकी के बीच रविवार सुबह सडक़ किनारे खराब खड़े सरिया लोड ट्रेलर से दो अन्य भारी वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में एक चालक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मार्ग पर करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे सरिया लोड ट्रेलर खराब होने के कारण सडक़ किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आए एक भारी वाहन ने ट्रेलर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन सडक़ पर फंस गए। कुछ देर बाद पीछे से आया तीसरा वाहन भी इन दोनों वाहनों से जा भिड़ा। हादसे में तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। घायल चालक को अस्पताल ले जाया गया।

दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर तक भारी वाहनों की कतार लग गई। भारी वाहनों के अलावा चारपहिया वाहन और यात्री बसें भी जाम में फंस गईं। कई बसों में सवार यात्री घंटों तक जाम खुलने का इंतजार करते रहे।

सूचना मिलने पर सूरजपुर जिले की तारा पुलिस और कोरबा जिले की जटगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटाने की कार्रवाई शुरू की। वाहनों को हटाने के बाद करीब डेढ़ बजे मार्ग पर यातायात बहाल हो सका। स्थानीय लोगों के अनुसार, खराब वाहनों को सडक़ किनारे खड़ा किए जाने और समय पर हटाए नहीं जाने से दुर्घटना की स्थिति बनी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट