सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 सितंबर। पुरानी रंजिश और तालाब में मछली पकडऩे की बात को लेकर घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टॉर्च भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, श्रीगढ़ महादेव तालाब के पास निवासी राजा अगरिया ने 11 सितंबर की रात करीब 10.30 बजे कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, वह अपने दोस्त बीरू के साथ घर पर था। इसी दौरान पुरानी रंजिश और तालाब में मछली मारने की बात को लेकर गोलू विश्वकर्मा घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने हाथ-मुक्कों और टॉर्च से मारपीट की। प्रार्थी के भाई-बहन ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 640/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) और 331(6) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की।
मामले में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी गोलू विश्वकर्मा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान गोलू विश्वकर्मा, पिता कौरू विश्वकर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी नावागढ़ आलमबाग, महादेव तालाब के पास, अंबिकापुर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त टॉर्च जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।