सरगुजा

13 नई गुंडा फाइलें खुलीं, 120 पर कार्रवाई
20-Sep-2026 8:47 PM
13 नई गुंडा फाइलें खुलीं, 120 पर कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 सितंबर। नवरात्रि, दशहरा और दीपावली सहित आगामी त्योहारों से पहले शहर में कानून व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सरगुजा पुलिस ने आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने कोतवाली, गांधीनगर और मणिपुर थाना क्षेत्र में अभियान चलाते हुए 13 लोगों की नई गुंडा फाइल खोली है। इसके अलावा विभिन्न धाराओं के तहत कुल 120 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने दो सितंबर को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर उपद्रवियों, गुंडा-बदमाशों, गैंग हिस्ट्रीशीटर और निगरानी बदमाशों का रिकॉर्ड खंगालने तथा उनके खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई तेज की है।

पुलिस के मुताबिक आदतन बदमाशों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने 2, गांधीनगर पुलिस ने 10 और मणिपुर पुलिस ने एक, इस तरह कुल 13 नई गुंडा फाइलें खोली हैं।

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 एवं 135(3) के तहत कोतवाली और गांधीनगर में 36-36 तथा मणिपुर में 10 लोगों सहित कुल 82 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। धारा 128 के तहत चार लोगों पर कार्रवाई हुई। इसी तरह धारा 129 के तहत कोतवाली में 15, गांधीनगर में 16 और मणिपुर में तीन सहित कुल 34 लोगों पर कार्रवाई की गई।

हथियार लहराया या चाकूबाजी की तो होगी सख्त कार्रवाई

आईजी दीपक कुमार झा ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून व्यवस्था बिगाडऩे वालों के खिलाफ कार्रवाई में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराने, चाकूबाजी, स्टंटबाजी या उपद्रव कर शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं आम नागरिकों से आगामी त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी सहयोग की भावना के साथ मनाने की अपील की गई है।


अन्य पोस्ट