सरगुजा

सूने घर में चोरी, छत से आंगन में उतरे और खंगाल डाले कमरे
20-Sep-2026 8:44 PM
सूने घर में चोरी, छत से आंगन में उतरे और खंगाल डाले कमरे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 सितंबर। शहर में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी का मामला सामने आया है। वेदमति मिश्रा के घर में तीन नाबालिगों के घुसकर चोरी करने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि तीनों नाबालिग 16, 17, 18 और 19 सितंबर को अलग-अलग समय पर घर में घुसे। घर में रखे सामान की चोरी के साथ आरोप है कि कमरों में जगह-जगह शौच कर गंदगी भी फैलाई गई। फिलहाल कितने रुपए और सामान की चोरी हुई है, इसका स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार वेदमति मिश्रा घर में अकेली रहती हैं। उनकी बेटी अंशु मिश्रा की शादी हो चुकी है और वह नोएडा में रहती हैं। वेदमति इन दिनों अपनी बेटी के पास नोएडा गई हुई थीं, जिसके कारण घर खाली था। घर की देखरेख के लिए एक युवक को चाबी दी गई थी, लेकिन वह भी कुछ दिनों के लिए बाहर चला गया था। इसी दौरान सूने मकान पर नाबालिगों की नजर पड़ी। बताया जा रहा है कि मकान भूतल पर है और तीनों नाबालिग छत के रास्ते आंगन में उतरे। इसके बाद चैनल फैलाकर घर के भीतर प्रवेश किया।

घर के अंदर पहुंचने के बाद कमरों को खंगाला गया। आरोप है कि नाबालिगों ने घर के अलग-अलग हिस्सों में शौच कर गंदगी भी फैला दी। घर की देखरेख करने वाला युवक रविवार को वापस लौटा तो मकान की स्थिति देखकर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद मामले की सूचना दी गई।

फिलहाल परिवार के सदस्य बाहर हैं। उनके अंबिकापुर पहुंचने और घर में रखे सामान की जांच करने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि नकदी, जेवरात अथवा अन्य सामान में कुल कितने की चोरी हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट