सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 19 सितंबर। होली क्रॉस वीमेन्स कॉलेज, अम्बिकापुर के सभागार में 19 सितंबर को मानसिक स्वास्थ्य विषय पर जागरूकता एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन विजन समाजसेवी संस्थान, अम्बिकापुर की श्रीमती शिल्पा पांडे ने किया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सि. शांता जोसफ के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य, मानसिक तनाव एवं अवसाद जैसी समस्याओं के प्रति जागरूक करना और उनके समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था।
कार्यक्रम में द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश गुलावन राम यादव, सिविल न्यायाधीश अश्विन खाखा एवं हेमंत प्रसाद, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुलेखा कश्यप, मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर के डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता, भारतेंदु साहित्य समिति की अध्यक्ष नीलिमा मिश्रा तथा विजन समाजसेवी संस्थान की शिल्पा पांडे ने मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे।
महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक (मनोविज्ञान) डॉ. ममता अवस्थी ने छात्राओं को मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर संवाद करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन सहायक प्राध्यापक गणित आलोक चक्रवर्ती ने किया। इस अवसर पर उपप्राचार्य डॉ. सि. मंजू टोप्पो सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में संवाद, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच को मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।