सरगुजा
मोदी की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना
अंबिकापुर,18 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस एवं जनप्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा विधि प्रकोष्ठ सरगुजा द्वारा स्थानीय स्टेडियम के मुख्य द्वार पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधि प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक जन्मेजय पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक जनप्रतिनिधि के रूप में 25 वर्षों के कार्यकाल में सुशासन, विकास और राष्ट्र सुरक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। वरिष्ठ अधिवक्ताओं विद्यानंद मिश्रा, अशोक दुबे, मनीष सिंह, विनोद दुबे एवं धनंजय मिश्रा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल में धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण, भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम जैसे नए कानूनों, डिजिटल सेवाओं के विस्तार तथा कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन सहित विभिन्न कार्यों का उल्लेख किया। कार्यक्रम के समापन पर अधिवक्ता पीयूष कुमार त्रिपाठी ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दीप प्रज्वलन राष्ट्रसेवा के प्रति संकल्प और प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामना का प्रतीक है।