सरगुजा

किरायदारों व मुसाफिरों का सत्यापन अभियान, 350 मकानों में 750 लोगों का भौतिक वेरिफिकेशन
12-Jul-2026 8:44 PM
किरायदारों व मुसाफिरों का सत्यापन अभियान, 350 मकानों में 750 लोगों का भौतिक वेरिफिकेशन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 12 जुलाई। जिले में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने रविवार को किरायदारों एवं मुसाफिरों के सत्यापन के लिए व्यापक अभियान चलाया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने करीब 350 मकानों में रह रहे लगभग 750 लोगों का भौतिक सत्यापन किया।

पुलिस के अनुसार अभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, किरायदारों एवं बाहर से आए मुसाफिरों की जांच की गई। मकान मालिकों को बिना पुलिस सत्यापन के मकान किराये पर नहीं देने तथा किरायदार की पूरी जानकारी, पहचान पत्र, मोबाइल नंबर और स्थायी पते की सूचना संबंधित थाना या चौकी में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर, भगवानपुर, फूंदुरडिहारी, कोतवाली थाना क्षेत्र के नवागढ़, सत्तीपारा, मणिपुर थाना क्षेत्र के बंजारी, लक्ष्मीपुर, मठपारा सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में विशेष जांच की गई। पुलिस ने उन बस्तियों पर विशेष फोकस किया, जहां बाहरी राज्यों से आकर रहने वाले लोगों की संख्या अधिक है।

सत्यापन के बाद स्थानीय लोगों से भी अपील की गई कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या बाहरी व्यक्ति बिना जानकारी के निवास कर रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को किरायदार सत्यापन और मुसाफिर जांच अभियान लगातार जारी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध या संदिग्ध रूप से रह रहे व्यक्तियों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 9479193599 अथवा डायल 112 पर दें।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


अन्य पोस्ट