सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 मई। सरगुजा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां संकल्प हॉस्पिटल में कार्यरत एक महिला गार्ड की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान अनीशा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व महिला गार्ड अनीशा जनरेटर में डीजल डाल रही थी, तभी उसकी चुन्नी जनरेटर के पंखे में फंस गई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद उसे उसी संकल्प हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था।
बताया जा रहा है कि अनीशा की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने इस गंभीर हादसे को छुपाने का प्रयास किया और समय पर उचित उपचार नहीं दिया गया, जिसके कारण उसकी जान चली गई।
परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


