सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 मई। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सोमवार को लखनपुर विकासखंड के ग्राम अंधला में शिव मंदिर के जीर्णोद्धार एवं नव निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा उपस्थित ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास न केवल आस्था को सुदृढ़ करता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना का भी संचार करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर मंत्री अग्रवाल ने ग्राम अंधला में संत कबीरदास जी के मंदिर निर्माण के लिए आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने संत कबीरदास के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनका समरसता, समानता और कर्म पर आधारित संदेश आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि कबीरदास की वाणी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर सद्भाव और समानता की दिशा में आगे बढऩे की प्रेरणा देती है।
ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।


