सरगुजा

गैस कीमतों में वृद्धि व महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का धरना, केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
04-May-2026 10:29 PM
गैस कीमतों में वृद्धि व महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का धरना, केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 4 मई। रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को आम जनता और छोटे व्यवसायियों के लिए नुकसानदायक बताते हुए जमकर विरोध जताया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खाड़ी क्षेत्र में युद्ध शुरू होने के बाद से घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में करीब 60 रुपए और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भारी वृद्धि हुई है। साथ ही गैस की आपूर्ति में कमी के कारण बाजार में इसकी उपलब्धता भी प्रभावित हुई है, जिसका फायदा जमाखोर उठा रहे हैं और अधिक कीमत वसूल रहे हैं। इससे कमर्शियल गैस पर निर्भर व्यवसायियों के कामकाज पर गंभीर असर पड़ा है और कई छोटे व्यवसाय बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं।

धरना को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश को सस्ते तेल और गैस के पारंपरिक स्रोतों का नुकसान हुआ है। उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों के लिए सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।

जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के चलते देश को महंगाई और ईंधन संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने रुपये की गिरती स्थिति और महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि सरकार की आर्थिक नीतियों से गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है, जबकि पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने बताया कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत बढऩे से कृषि क्षेत्र भी प्रभावित हुआ है, जिससे इनपुट लागत बढ़ गई है और खाद्य उत्पादन पर असर पडऩे की आशंका है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान 20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष जे.पी. श्रीवास्तव, पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट