सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 मई। सरगुजा जिले में गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन तलाश’ और ‘मुस्कान अभियान’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने कुल 114 गुमशुदा लोगों को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान की निगरानी डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई। उन्होंने जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को गुम इंसानों की तलाश में तेजी लाने और अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित बरामद करने के निर्देश दिए थे।
अभियान के तहत बरामद किए गए 114 लोगों में 80 महिलाएं, 20 पुरुष और 14 नाबालिग शामिल हैं। नाबालिगों में 2 बालक और 12 बालिकाएं शामिल हैं। सभी को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
थाना स्तर पर की गई कार्रवाई में गांधीनगर थाना पुलिस ने सर्वाधिक 25 गुमशुदा लोगों को खोज निकाला। इसके अलावा कोतवाली थाना द्वारा 12, लखनपुर द्वारा 11, उदयपुर द्वारा 10, दरिमा द्वारा 13, लुंड्रा द्वारा 7, मणिपुर द्वारा 7, बतौली द्वारा 4, धौरपुर द्वारा 4, कमलेश्वरपुर द्वारा 4 और सीतापुर थाना द्वारा 3 गुमशुदा लोगों को बरामद किया गया।
वहीं, मुस्कान अभियान के तहत विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने 14 नाबालिग बालिकाओं को भी सकुशल खोजकर उनके परिवारों को सौंपा। पुलिस ने बताया कि गुमशुदा लोगों की तलाश में परिजनों से संपर्क के साथ-साथ तकनीकी संसाधनों का भी व्यापक उपयोग किया गया। सरगुजा पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
जिससे अधिक से अधिक गुमशुदा लोगों को खोजकर उनके परिवारों से मिलाया जा सके।


