सरगुजा
मुख्यमंत्री ने कहा सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच दूरी कम करना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 मई। सरगुजा जिले के बतौली में रविवार को सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शांतिपारा स्थित स्कूल मैदान में पेड़ के नीचे आयोजित इस चौपाल में मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच दूरी कम करना है। इसके माध्यम से सरकार सीधे लोगों तक पहुंचकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझ रही है और यह भी परख रही है कि विभिन्न योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंच रहा है या नहीं।
उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को अपेक्षाकृत समय मिलता है, ऐसे में इस अवधि में जन चौपाल का आयोजन अधिक उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में 40 दिनों तक लगातार शिविरों का आयोजन कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
तेज गर्मी के बीच भी सक्रियता बनाए रखने को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सर्वोपरि है और जनता के बीच रहने से ऊर्जा मिलती है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पारंपरिक तरीके से लहसुन की माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
सीतापुर में दो आदिवासी बच्चियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर मुख्यमंत्री ने गंभीरता जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और इन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून के सामने कोई भी व्यक्ति प्रभावशाली नहीं है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, भाजपा प्रदेश मंत्री अखिलेश सोनी सहित अन्य मौजूद थे।


