सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 मई। नगर निगम के शहीद वीर नारायण वार्ड क्रमांक-23 में रविवार को विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार अधोसंरचना मद से वार्ड में कुल 2 करोड़ 90 लाख 67 हजार रुपए की लागत से विभिन्न निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें गाड़ाघाट मार्ग सुलभ शौचालय से महादेव बस्ती ट्रांसफार्मर तक 43.31 लाख रुपए की लागत से सडक़ डामरीकरण, शिवशंकर नगर से महादेव गली तक 18.17 लाख रुपए की लागत से सडक़ निर्माण, अन्नपूर्णा सामुदायिक भवन से महादेव बस्ती तक 97.34 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण तथा महादेव बस्ती से चोरकाकछार तक 131.85 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर अखिलेश सोनी ने कहा कि प्रदेश और नगर में भाजपा सरकार होने से विकास कार्यों में तेजी आई है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी वर्षों में शहर और वार्ड का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
महापौर मंजूषा भगत ने बताया कि विगत वर्ष भारी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आने पर वार्ड का निरीक्षण किया गया था। पार्षद की मांग पर प्राथमिकता के आधार पर सडक़ और नाला निर्माण कार्यों की स्वीकृति दिलाई गई है।
सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने कहा कि ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’ के संकल्प के साथ नगर विकास के कार्य किए जा रहे हैं। वहीं वार्ड पार्षद जितेंद्र सोनी ने कहा कि क्षेत्र पूर्व में ग्राम पंचायत का हिस्सा होने के कारण विकास से वंचित रहा, जिसे अब तेजी से विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में पार्षद, पूर्व पार्षद, जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।-