सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 मई। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 का आयोजन रविवार को जिले में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पहले से ही सुनिश्चित कर ली गई थीं।
शहर में बनाए गए कुल 12 परीक्षा केंद्रों में 4763 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 176 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की गई। परीक्षार्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से ही शुरू कर दिया गया था, जहां सघन जांच के बाद ही उन्हें केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा, वहीं अंदर निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला प्रशासन ने दावा किया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कहीं से किसी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत सामने नहीं आई। अधिकारियों ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।