सरगुजा

सीतापुर गैंगरेप : पीडि़तों से मिलने पहुंचे भाजपा पदाधिकारी, कड़ी सजा की मांग
02-May-2026 10:05 PM
सीतापुर गैंगरेप :  पीडि़तों से मिलने पहुंचे भाजपा पदाधिकारी, कड़ी सजा की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 मई। सीतापुर थाना क्षेत्र में विगत दिनों एक शादी समारोह में शामिल होने गई बेटियों के साथ हुए सामूहिक बलात्कार के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। इस गंभीर घटना के बाद भाजपा सरगुजा के जिला महामंत्री अरुणा सिंह , अजजा मोर्चा के जि़लाध्यक्ष बिंदेश्वरी लाल पैकरा एवं महिला मोर्चा जि़लाध्यक्ष शुभांगी बिहाडे के साथ मंडल स्तर के पदाधिकारी पीडि़त परिवारों से चर्चा कर घटना की वास्तविक स्थिति जानी और उन्हें हरसंभव सहायता व न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर अरूणा सिंह ने कहा कि यह घटना अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है। उन्होंने मांग की कि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि समाज में ऐसा अपराध करने वालों के लिए सख्त संदेश जाए।

उन्होंने आगे बताया कि भाजपा विधि प्रकोष्ठ भी इस मामले में सक्रिय है और अधिवक्ताओं ने इस जघन्य अपराध में शामिल आरोपियों की पैरवी नहीं करने का निर्णय लिया है। भाजपा पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पार्टी पीडि़तों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे ।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष राजापुर भगत सिंह, महामंत्री सुदर्शन सोनी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजापुर दूर्गावती कश्यप, मैनपाट की बबली और अजजा मोर्चा राजापुर के लहरूराम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट