सरगुजा

कांग्रेस की समीक्षा बैठक, संगठन में सक्रियता और प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर जोर
02-May-2026 10:04 PM
कांग्रेस की समीक्षा बैठक, संगठन में सक्रियता और प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 मई। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं छत्तीसगढ़ की सहप्रभारी जरिता लैतफलांग की अध्यक्षता में सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक राजीव भवन में आयोजित हुई। बैठक में नवगठित कार्यकारिणी, ब्लॉक अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए जरिता लैतफलांग ने कहा कि उदयपुर अधिवेशन के संकल्प के अनुसार संगठन में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्ग, महिलाओं, अल्पसंख्यकों और युवाओं की भागीदारी बढ़ाना प्राथमिकता है। उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर भारतीय जनता पार्टी और नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इसे अधिकार के बजाय ‘भीख’ के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।

पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा पर महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। बैठक की शुरुआत में जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 95 प्रतिशत बूथ, पंचायत और वार्ड समितियों का गठन हो चुका है।

निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने संगठन को मजबूत बताते हुए कार्यकर्ताओं के लिए विचारधारा आधारित कार्यशालाओं के आयोजन का सुझाव दिया। बैठक को उपाध्यक्ष राजीव सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी ने भी संबोधित किया।


अन्य पोस्ट