सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 मई। छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन जिला सरगुजा की बैठक शुक्रवार को लोकनायक जयप्रकाश वार्ड, अंबिकापुर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने सरगुजा संभाग के सभी मंडलों एवं जिलों में बैठक आयोजित कर नए पदाधिकारियों के निर्वाचन एवं नियुक्ति की प्रक्रिया तेज करने का निर्णय लिया। साथ ही सदस्यता अभियान चलाकर संगठन की कार्यकारिणी को मजबूत करने पर जोर दिया गया। विभिन्न सामाजिक समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन के समक्ष ध्यानाकर्षण ज्ञापन सौंपने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इसी दौरान संगठन के प्रति सक्रियता और समर्पण को देखते हुए गोधनपुर निवासी दीपक लाल अगरिया को छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन, जिला सरगुजा के युवा प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष मेघनाथ यादव की अनुशंसा पर की गई।
नव नियुक्त जिलाध्यक्ष दीपक अगरिया का बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ, माला एवं भगवा गमछा पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
संगठन के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा और समर्पण के साथ करते हुए सर्व समाज के हित में कार्य करेंगे।
नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए दीपक अगरिया ने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
बैठक में संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यकारी संभागीय अध्यक्ष आनंद यादव, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष रश्मि जायसवाल, संरक्षक रंजीत सरथी, सुधीर कुमार राणा, संजय यादव और सुनील जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


