सरगुजा

आंधी-तूफान से जनजीवन प्रभावित, गर्मी से मिली राहत
02-May-2026 10:06 PM
आंधी-तूफान से जनजीवन प्रभावित, गर्मी से मिली राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 मई। सरगुजा जिला में मौसम ने शनिवार को अचानक करवट ली, जिससे कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान का असर देखने को मिला। विशेष रूप से लखनपुर क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण कई पेड़ सडक़ पर गिर गए, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा। स्थानीय लोगों को रास्ता साफ होने तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

तेज हवा का असर इतना अधिक था कि लखनपुर थाना परिसर के सामने लगा पुलिस थाने का साइन बोर्ड भी पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक बदले मौसम के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला, हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

इधर अंबिकापुर में भी मौसम का मिजाज बदला रहा। तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी इसी तरह के बदलाव की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


अन्य पोस्ट