सरगुजा

समर कैंप ‘उमंग-2026’ का शुभारंभ, आध्यात्मिक सशक्तिकरण से व्यक्तित्व विकास पर जोर
02-May-2026 10:03 PM
समर कैंप ‘उमंग-2026’ का शुभारंभ, आध्यात्मिक सशक्तिकरण से व्यक्तित्व विकास पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 मई। ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा बच्चों के व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से आयोजित समर कैंप ‘उमंग-2026’ का शुभारंभ शनिवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, रामकृष्ण आश्रम के सचिव स्वामी तन्मयानंद एवं ब्रह्माकुमारीज की सरगुजा संभाग संचालिका बीके विद्या दीदी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि भारत सिंह सिसोदिया ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि मन, बुद्धि, शरीर और आत्मा—इन चार स्तरों पर जीवन का संतुलन जरूरी है। उन्होंने बच्चों को स्वयं अपने जीवन का मार्गदर्शक बनने और आत्मनिर्भरता विकसित करने की सीख दी।

जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने कहा कि जैसे किसी वाद्य यंत्र को नियमित रूप से साफ और व्यवस्थित रखने से उसकी गुणवत्ता बढ़ती है, उसी प्रकार व्यक्ति को भी स्वयं को अनुशासित और सुसंगठित रखना चाहिए। उन्होंने महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेकर आगे बढऩे का आह्वान किया।

ब्रह्माकुमारीज की बीके विद्या दीदी ने समर कैंप के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आध्यात्मिक सशक्तिकरण के माध्यम से बच्चों में आंतरिक शक्ति और सकारात्मक सोच का विकास करना ही इस शिविर का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए अच्छे संस्कार और सकारात्मक दृष्टिकोण आवश्यक हैं।

स्वामी तन्मयानंद ने वर्तमान और प्राचीन शिक्षा प्रणाली की तुलना करते हुए कहा कि बच्चों में सेवा भाव, सहानुभूति और आत्मनिर्भरता का विकास होना चाहिए। उन्होंने दूसरों को सुख देने और अपने कार्य स्वयं करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज बहनों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, बैच और तिलक लगाकर स्वागत किया। अंबिकापुर के विभिन्न स्कूलों से कक्षा 6वीं से 10वीं तक के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बीके प्रतिमा बहन ने किया।

आयोजकों के अनुसार नौ दिवसीय इस समर कैंप में बच्चों को अलग-अलग विषयों पर अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी।


अन्य पोस्ट