सरगुजा
कूट रचना कर नाम दर्ज कराने, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 7 मार्च। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मांजा के आश्रित ग्राम राजाकटेल, कटिंडा और चोडय़ा में अति विशेष संरक्षित जनजाति पंडो समाज की भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में लखनपुर पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि कूटरचना कर राजस्व अभिलेखों में अवैध रूप से नाम दर्ज कराया गया और विरोध करने पर पीडि़तों को जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं तथा एट्रोसिटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
इस मामले को लेकर अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता आलोक दुबे ने कुछ दिनों पूर्व सरगुजा संभाग के कमिश्नर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। मामला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में भी लाया गया था। शिकायत और पंडो समाज के विरोध के बाद पुलिस ने 7 लोगों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि प्रशासन ने इस प्रकरण में 19 लोगों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए हैं और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भी जांच जारी है।
भाजपा नेता आलोक दुबे ने बताया कि ग्राम पंचायत मांजा के अलावा नरकालों और लोसली गांवों में भी पंडो समाज की भूमि पर कथित रूप से कूटरचना कर स्टांप पेपर के माध्यम से अवैध तरीके से नाम दर्ज कराने के मामले सामने आए हैं। प्रशासन यदि इन मामलों की जांच कराए तो और भी कई प्रकरण उजागर हो सकते हैं।
इधर भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के लखनपुर प्रवास के दौरान भी यह मामला उनके संज्ञान में लाया गया था। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नेतृत्व में प्रभावित पंडो परिवारों ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में कहा गया था कि जालसाजी के माध्यम से उनकी पैतृक भूमि पर कब्जा किया गया है।
पीडि़त परिवारों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत देने के बाद गांव लौटने पर कुछ लोगों ने उन्हें आवेदन वापस लेने के लिए दबाव बनाने और धमकी देने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है तथा अन्य आरोपियों के संबंध में जांच जारी है।
पंडो परिवारों ने बताया कि वे कई पीढिय़ों से राजाकटेल में अपनी पैतृक भूमि पर निवास कर रहे हैं और उनका मुख्य जीवनयापन कृषि पर निर्भर है। आरोप है कि कुछ लोगों ने कूटरचना और जालसाजी कर राजस्व अभिलेखों में अपना नाम दर्ज कराते हुए उनकी भूमि पर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीडि़तों ने यह भी बताया कि गांव के कई पंडो परिवारों की काबिज काश्त भूमि पर भी जबरन कब्जा कर लिया गया है, जिस पर शासन द्वारा वन अधिकार पट्टा दिया जाना प्रस्तावित है। मामले में प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए बबरा खान,रफीक खान, रज्जाक खान सहित सात अन्य लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।