सरगुजा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर केआर टेक्निकल कॉलेज में प्रेरक संवाद श्रृंखला का आयोजन
07-Mar-2026 9:57 PM
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर केआर टेक्निकल कॉलेज में प्रेरक संवाद श्रृंखला का आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 7 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केआर टेक्निकल कॉलेज अंबिकापुर में 1 से 7 मार्च तक विशेष प्रेरक संवाद श्रृंखला का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के आईक्यूएसी और महिला सशक्तिकरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रेरणादायक महिलाओं के जीवन संघर्ष, अनुभव और उपलब्धियों से छात्राओं को परिचित कराना था।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस पहल के तहत शिक्षकों और छात्राओं के चार दल बनाए गए, जिन्होंने अंबिकापुर और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं से उनके कार्यस्थलों पर जाकर संवाद किया और उनके अनुभवों को संकलित किया।

प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने कहा कि इस संवाद श्रृंखला के माध्यम से छात्राओं को समाज में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं से मिलने और उनके जीवन संघर्षों से सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रेरणादायक कहानियां छात्राओं में आत्मविश्वास, साहस और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केआर टेक्निकल कॉलेज नारी सम्मान, समानता और महिला सशक्तिकरण के मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

संवाद श्रृंखला के तहत बनाए गए चार दलों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं से मुलाकात कर उनके अनुभवों को जाना। प्रथम दल ने अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, संरक्षण अधिकारी सुलेखा कश्यप, सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रियंका सिंह चंदेल और हर्षा केशरवानी से संवाद किया। इस दौरान महापौर मंजूषा भगत ने नर्स के रूप में अपने कार्यकाल से लेकर जनसेवा के क्षेत्र तक की यात्रा साझा करते हुए सेवा भाव को जीवन का मूल मंत्र बताया।

द्वितीय दल ने महाविद्यालय की निदेशक डॉ. रीनू जैन, ब्रह्माकुमारीज़ की विद्या दीदी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजु गोयल, अधिवक्ता विधि अग्रवाल और पप्पी शुक्ला से संवाद किया। इस दौरान महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, आध्यात्मिकता और कानूनी अधिकारों से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

तृतीय दल ने ग्राम पंचायत सचिव रुक्मणी पटेल, सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापक डॉ. आशा शर्मा, समाज सेविका वंदना दत्ता और डेयरी संचालिका कल्पना घोष से बातचीत कर उनके अनुभवों को जाना। वहीं चतुर्थ दल ने संजय नगर की सरपंच सोमारी देवी और ऑटो चालक उषा से संवाद किया, जिन्होंने अपने संघर्ष और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरक कहानी साझा की।

छात्राओं को मिला नई प्रेरणा

संवाद श्रृंखला के दौरान सभी महिलाओं ने छात्राओं को शिक्षा प्राप्त करने, आत्मनिर्भर बनने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढऩे का संदेश दिया। महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह पहल छात्राओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रही और इससे उन्हें समाज में महिलाओं की भूमिका, संघर्ष और उपलब्धियों को समझने का अवसर मिला।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह संवाद श्रृंखला महिलाओं के संघर्ष और उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ-साथ छात्राओं को जीवन में आगे बढऩे के लिए नई प्रेरणा प्रदान करने वाली साबित हुई।


अन्य पोस्ट