सरगुजा
बिश्रामपुर, 5 मार्च। नगर पंचायत बिश्रामपुर को नगर पालिका का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती नजर आ रही है। भाजपा किसान मोर्चा के जिला सदस्य एवं पूर्व जिला महामंत्री दुर्गा गुप्ता ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए नगर के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस पहल की मांग की है।
दुर्गा गुप्ता ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बिश्रामपुर, जो एसईसीएल क्षेत्र अंतर्गत आता है। यहां वर्षों से नगर पंचायत के रूप में संचालित हो रहा है। उन्होंने तर्क दिया कि नगर की जनसंख्या एवं आसपास की पंचायती क्षेत्रों को मिलाकर यह क्षेत्र नगर पालिका की सभी आवश्यक अर्हताओं को पूरा करता है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यदि आवश्यक हो तो आसपास की ग्राम पंचायतों को सम्मिलित कर बिश्रामपुर को नगर पालिका बनाया जा सकता है। इससे न केवल बिश्रामपुर बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का भी संतुलित और योजनाबद्ध विकास संभव होगा। नगर पालिका बनने से बुनियादी सुविधाओं सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि विगत वर्षों में एसईसीएल से बड़ी संख्या में कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए हैं, जिनमें से कई लोग बिश्रामपुर छोड़कर अन्य स्थानों पर बस गए। शासन द्वारा कराए गए एसआईआर के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया है कि नगर की जनसंख्या में गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद क्षेत्र की भौगोलिक, आर्थिक और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए नगर पालिका का दर्जा समय की मांग बताया गया है। दुर्गा गुप्ता ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि नगर पंचायत बिश्रामपुर को नगर पालिका में उन्नयन हेतु आवश्यक कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाए, ताकि क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल सके। लोगों का मानना है कि यदि बिश्रामपुर को नगर पालिका का दर्जा मिलता है, तो क्षेत्र में योजनाओं की स्वीकृति और बजट आवंटन में वृद्धि होगी, जिससे विकास कार्यों में तेजी आएगी।


