सरगुजा

खाड़सारी उद्योग पर नियंत्रण नहीं, शक्कर कारखाना को नहीं मिल रहा गन्ना
21-Feb-2026 9:42 AM
खाड़सारी उद्योग पर नियंत्रण नहीं, शक्कर कारखाना को नहीं मिल रहा गन्ना

सूरजपुर,20 फरवरी। मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, केरता को इस वर्ष गन्ने की कमी का सामना करना पड़ रहा है। गन्ना संकट के चलते पेराई सत्र समय से पहले बंद करने की स्थिति बन गई है।

कारखाना प्रबंधन के अनुसार पेराई सत्र 2025-26 में 24 नवंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक कुल 1,15,533.505 मीट्रिक टन गन्ना 7,164 कृषकों से खरीदा जा चुका है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से गन्ने की आवक में लगातार कमी आई है, जिससे कारखाना का संचालन नियमित रूप से नहीं हो पा रहा है।

बताया जा रहा है कि कल्याणपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में खाड़सारी गुड़ उद्योगों का धड़ल्ले से संचालन हो रहा है। इसके अलावा कई किसान त्वरित नकद भुगतान के लालच में अपने उत्पादित गन्ने को खाड़सारी संचालकों एवं दूसरे प्रांत के व्यापारियों को बेच रहे हैं। इसका सीधा असर केरता स्थित शक्कर कारखाना पर पड़ रहा है, जहां पेराई के लिए पर्याप्त गन्ना उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

गन्ना संकट को देखते हुए कारखाना प्रबंधन ने संकेत दिया है कि पेराई कार्य समय से पूर्व बंद किया जा सकता है। प्रबंधन द्वारा क्षेत्र के किसानों से अपील की गई है कि वे 21 फरवरी तक विक्रय योग्य गन्ना कारखाना में आपूर्ति कर दें। इसके बाद गन्ना खरीदी का कार्य पूर्णत: बंद कर दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट