सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 फरवरी। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में स्कार्पियो लूटकांड के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में साइबर सेल और थाना दरिमा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 10 फरवरी 2026 की है। अंबिकापुर के केदारपुर भट्टी रोड निवासी अंकित सिन्हा को परिचित पंचर दुकान वाले के नाम से फोन कर कुछ लोगों को मैनपाट घुमाने का झांसा दिया गया। अंकित सिन्हा अपनी स्कार्पियो (सीजी-16-सीजे-5333) लेकर पुराना बस स्टैंड पहुंचे, जहां चार युवक वाहन में सवार हुए और उन्हें मैनपाट ले जाया गया।
शाम को लौटते समय वाहन में बैठे एक युवक ने उल्टी आने का बहाना कर गाड़ी रुकवाई, तभी पीछे बैठे युवक ने बेल्ट से चालक का गला दबाने की कोशिश की। चालक किसी तरह बचकर गाड़ी से कूद गया और सडक़ किनारे गड्ढे में छिप गया। इसके बाद आरोपी चालक का मोबाइल सडक़ किनारे फेंककर स्कार्पियो वाहन लेकर फरार हो गए।
मामले में थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 41/25 धारा 309(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस की नाकेबंदी के चलते आरोपी वाहन छोडक़र फरार हो गए थे, जिसे कटघोरा क्षेत्र से लावारिस हालत में बरामद कर लिया गया था।
साइबर सेल की तकनीकी सहायता से पुलिस ने आरोपी गोविंद पटेल (21 वर्ष), बसंतपुर दफाई अमलाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) को हिरासत में लिया। पीडि़त द्वारा पहचान परेड में आरोपी की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार की जा रही है और शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया गया है।


