सरगुजा

डीआईजी-एसएसपी ने ली जनरल परेड की सलामी, बेहतर टर्न आउट पर जवान पुरस्कृत
21-Feb-2026 9:42 AM
डीआईजी-एसएसपी ने ली जनरल परेड की सलामी, बेहतर टर्न आउट पर जवान पुरस्कृत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 फरवरी। रक्षित केंद्र अंबिकापुर में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड की सलामी डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल  ने ली। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्न आउट का निरीक्षण कर बेहतर वेशभूषा और अनुशासन वाले जवानों को ईनाम देकर प्रोत्साहित किया गया।

परेड के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को टोलियों में विभाजित कर अभ्यास कराया गया। पुलिस बैंड टीम की मधुर धुन के साथ आयोजित परेड का निरीक्षण करते हुए डीआईजी-एसएसपी ने अनुशासन, वेशभूषा और कार्यकुशलता बनाए रखने के निर्देश दिए।

परेड निरीक्षण के पश्चात डीआईजी एवं एसएसपी ने वाहन शाखा का निरीक्षण कर सभी शासकीय वाहनों की बारीकी से जांच की और वाहनों के नियमित रखरखाव तथा ड्राइवर डायरी अद्यतन रखने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार और स्टोर शाखा का निरीक्षण कर आर्म्स एवं एम्युनेशन के सुरक्षित रखरखाव तथा रिकॉर्ड संधारण पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए संचालित पुलिस कल्याण कैंटीन एवं पुलिस बैंक का लाभ उठाने के लिए भी पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहित किया गया।

जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित थाना-चौकी एवं कार्यालय से कुल 146 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट