सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 नवंबर। खड़ी ट्रकों से डीज़ल चोरी करने के मामले में सरगुजा पुलिस ने चार आरोपियों को पचिरा टोल नाका के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये लोग मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के निवासी हैं।
थाना कोतवाली, गांधीनगर, मणीपुर तथा साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान संदिग्धों को चिन्हांकित किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से स्कॉर्पियो वाहन, सब्बल, गुलेल, 220 लीटर डीज़ल जेरिकैन सहित, कंबल और डंडा बरामद किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। चोरी के मामलों में पूर्व मे आरोपी जेल जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी अबोध कुमार सिंह दुर्ग ने 11 नवंबर को थाना कोतवाली अम्बिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 नवंबर की रात लगभग 3 बजे तीन अज्ञात व्यक्तियों ने ट्रक से डीज़ल निकालने का प्रयास किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और ट्रक से लगभग 200 लीटर डीज़ल ले जाया गया। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में पुलिस ने घटना स्थल निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद 23 नवंबर को पुलिस टीम ने पचिरा टोल नाका के पास आरोपियों हीरा लोनी, रोहित लोनी उर्फ अश्वनी लोनी, ध्रुव लोनी, बसंत लोनी सभी निवासी जिला अनुपपुर, मध्यप्रदेश को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकृति दी कि वे विभिन्न स्थानों पर पहले भी खड़ी ट्रकों से डीज़ल निकालने की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जिन व्यक्तियों को पकड़ा गया है, वे योजना बनाकर ट्रक की टंकी में सब्बल से क्षति पहुँचाते थे और पाइप लगाकर डीज़ल निकालते थे। पुलिस ने बताया कि जब्त सामग्री और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के अनुसार, ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी है और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर निगरानी रखी जा रही है।