सरगुजा

सडक़ निर्माण में दोहरे रवैये का आरोप, भडक़े पूर्व महापौर डॉ. तिर्की
24-Nov-2025 10:06 PM
सडक़ निर्माण में दोहरे रवैये का आरोप, भडक़े पूर्व महापौर डॉ. तिर्की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 नवंबर। अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में सडक़ निर्माण को लेकर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की भडक़ गए। उन्होंने सडक़ मेंटनेंस करा रहे निगम कर्मियों को मरम्मत रोकने कहा, जब निगम कर्मियों ने काम नहीं रोका तो पूर्व महापौर ने जमकर फटकार लगाई। डॉ. तिर्की के कड़े तेवर के बाद निगम कर्मी एवं ठेकेदार ने काम बंद कर दिया।

 रविवार को निगम द्वारा नवापारा सडक़ में गड्ढे को पाट कर मरम्मत कराया जा रहा था, जब वार्डवासियों ने जानकारी ली तो पता चला कि खस्ताहाल सडक़ के मरम्मत का काम स्वीकृत हुआ है। पूरी सडक़ में टायरिंग नहीं होगी, बल्कि सिर्फ गड्ढे भरे जाएंगे। इसकी जानकारी पार्षद को मिली तो वे उन्होंने इसकी जानकारी डॉ. अजय तिर्की को दी और रात को सभी मौके पर पहुंचे।

मात्र गड्ढे भरने पर भडक़े डॉ. तिर्की

निगम के अधिकारियों ने बताया कि नवापारा तिराहे से शिव मंदिर होकर चर्च एवं आगे की सडक़ के सिर्फ मरम्मत का काम स्वीकृत हुआ है। यह सडक़ बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई थी एवं गड्डों से लोग परेशान थे। वहीं नवापारा हॉस्पिटल के सामने से ग्रामीण बैंक तक भी सडक़ पर सिर्फ गड्ढे भरे जाएंगे।

डॉ. अजय तिर्की ने सडक़ में सिर्फ मेंटनेंस को लेकर सवाल किया तो निगमकर्मी बोले कि गड्ढों को भरा जा रहा है। सिर्फ यही काम स्वीकृत हुआ है। इस पर भडक़े डॉ. तिर्की ने काम रोकने कहा। निगमकर्मी इसके लिए तैयार नहीं हुए तो भडक़े पूर्व महापौर के कड़े तेवर के बाद निगमकर्मी व ठेका कर्मी काम बंद कर चले गए।

पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने आरोप लगाते कहा कि निगम के दोहरे रवैये पर उन्हें आपत्ति है। जिस सडक़ पर सिर्फ मरम्मत का काम स्वीकृत हुआ है, वह कांग्रेसी पार्षद का वार्ड है। निगम की सत्तासीन भाजपा द्वारा दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है। जहां भाजपा पार्षद हैं, वहां नई सडक़ बनाई जा रही है। जहां कांग्रेस पार्षद हैं, वहां सिर्फ खानापूर्ति का काम हो रहा है।

डॉ. तिर्की ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरा कार्यक्रम के दौरान सिर्फ वहां नई सडक़ बनाई गई, जहां से राष्ट्रपति का काफिला गुजरना था।

शेष सडक़ में लोग धूल खा रहे हैं और गड्डों से परेशान हैं। सुनने वाला कोई नहीं है। मंत्री राजेश अग्रवाल से गुजारिश है कि जनता के साथ दोहरा रवैया न अपनाया जाए। डॉ. तिर्की ने निगम से उक्त सडक़ में विधिवत टायरिंग कराए जाने की मांग की है।


अन्य पोस्ट