सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 13 नवंबर। जनजातीय जिला सरगुजा के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अंबिकापुर इकाई द्वारा माता राजमोहिनी सभागार में भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के अवसर पर ‘हमर बिरसा हमर गौरव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज रहे। परिषद के वक्ता पलाश पांडे एवं नगर मंत्री सत्येंद्र मिश्रा भी मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से किया गया, जिसके पश्चात जनजातीय विद्यार्थियों ने पारंपरिक नृत्य के माध्यम से सभी अतिथियों का स्वागत किया।
सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र अंबिकापुर में आज भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर हमें उनके उत्कृष्ट कार्यों को याद रखना चाहिए।
बिरसा मुंडा ने झारखंड के जनजातियों के हक और अधिकारों की लड़ाई के लिए मात्र 25 वर्ष की आयु में अपना बलिदान दे दिया था। उन्होंने आगे कहा कि बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के भूमि अधिकार और उनके साथ हो रहे भेदभाव के खिलाफ लगातार अंग्रेजों से संघर्ष किया। आज उन्हें भगवान के रूप में पूजने का यही कारण है।
इसी तरह आज अंबिकापुर के जनजातीय समाज को भी उनके आदर्शों पर चलकर समाज में व्याप्त भेदभाव को मिटाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा-मैं विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देना चाहता हूं कि वे भगवान बिरसा मुंडा जी को अपना आदर्श मानते हंै।
परिषद के वक्ता पलाश पांडे ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती विद्यार्थी परिषद हर वर्ष 15 नवंबर को देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाती है। परिषद केवल आयोजन नहीं करती, बल्कि भगवान बिरसा मुंडा जी के आदर्शों पर चलती है और उनके विचारों को आत्मसात करती है।
नगर मंत्री सत्येंद्र मिश्रा ने कहा कि हम सभी सरगुजा वासियों सहित सम्पूर्ण देश को भगवान बिरसा मुंडा जी को अपना आदर्श मानना चाहिए।
उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अपने प्राणों की आहुति दे दी, किंतु अंग्रेजों के सामने निडर होकर खड़े रहे।
कार्यक्रम में नगर के विभिन्न महाविद्यालयों, छात्रावासों, संस्थानों से विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में जनजातीय छात्र उपस्थित रहे। जिसमें विद्यार्थी परिषद छात्रा प्रमुख सृष्टि सिंह नगर सह मंत्री मयंक शुक्ला,आस्तिक सिंह , तेजस्विनी ,लकी सिंह , जय ,सिद्धार्थ आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


