सरगुजा

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने सडक़ निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
11-Nov-2025 10:15 PM
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने सडक़ निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 11 नवंबर। पर्यटन, संस्कृति,धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज सरगुजा प्रवास के दौरान शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। मंत्री श्री अग्रवाल ने अपने दौरे की शुरुआत स्वच्छता चेतना पार्क से की, जहां उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति को देखा और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण काम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर पहुंचे कर वहां चल रहे सडक़ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक सुधार और कार्य की गति बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों और परिजनों को निर्बाध आवाजाही की सुविधा मिलनी चाहिए।

साथ ही पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने नगर निगम के निर्माणाधीन भवन का अवलोकन किया। उन्होंने स्थल पर मौजूद इंजीनियरों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए ताकि नगर निगम की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सुगम बनाया जा सके।

वहीं पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने नेहरू वार्ड क्रमांक 25 सत्तीपारा में चल रहे सडक़ निर्माण का कार्य जायजा  लिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर के सभी वार्डों की सडक़ों को गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण समय-सीमा में पूर्ण करने को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को शहर की सकरी गलियों का सर्वे करने और वहां भी डामरीकरण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा हो और शहर के अंदरूनी मार्ग भी सुगम हो सकें।इस दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री डी. एन. कश्यप सहित निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट