सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 नवंबर। राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल द्वारा कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए एक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने इंदिरा गांधी कृषि विज्ञान केंद्र, अजीरमा का भ्रमण किया और कृषि विज्ञान से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आधुनिक खेती के तरीके,फसल प्रबंधन,जैविक खाद का निर्माण एवं उपयोग, जल संरक्षण तकनीक तथा पौधों की उन्नत प्रजातियों के बारे में बताया।विद्यार्थियों ने प्रत्यक्ष रूप से खेती की प्रक्रियाओं का अवलोकन किया और कृषि उपकरणों के उपयोग को समझा। इस अनुभव ने बच्चों में प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता के साथ-साथ प्रायोगिक शिक्षा के महत्व को भी रेखांकित किया।
विद्यालय की ओर से इस भ्रमण में अभय कुजूर सर, साक्षी केडिया मैम, अनुराधा मैम एवं अशील लकड़ा सर सम्मिलित रहे। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने न केवल ज्ञान अर्जित किया, बल्कि सीखने की नई दृष्टि भी विकसित की।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं, क्योंकि ये उन्हें पुस्तकीय ज्ञान से परे जाकर वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ते हैं। इस अवसर ने विद्यार्थियों में सीखने की जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा कृषि के प्रति सम्मानभाव को और अधिक सशक्त किया।


