सरगुजा
सीएम से किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने की मुलाकात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर अवगत कराया कि प्रदेश के हमारे अन्नदाता किसान भाइयों को एग्रीस्टैक पंजीयन जो समय अवधि 31 अक्टूबर अंतिम तिथि थी, बहुत से किसान अपना पंजीयन कराने में पिछड़ चुके हैं, तथा इस पंजीयन में तकनीकी त्रुटियां काफी आ रही है जिसके कारण प्रदेश में बड़ी संख्या में किसान भाई एग्रीस्टैक पंजीयन नहीं करा पाए है जिसके चलते उन्हें इस वर्ष धान विक्रय से वंचित होना पड़ेगा।
प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया कि एग्रीस्टेक पंजीयन की समय अवधि को बढ़ाया जाए। जिसमें बेहद सहजता पूर्वक प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक एक बिंदुवार विषय से अवगत हुए एवं विश्वास दिलाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के साथ खड़ी हुई है, उनकी सभी समस्याओं का निराकरण करना हमारा नैतिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने एग्रीस्टेक पंजीयन की समय अवधि को बढ़ाने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर पदभार संभालते ही निरंतर किसान हित के कार्यों में लगे हुए हैं, जो भी दिक्कतें अन्नदाता किसानों को आ रही है उनकी सभी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का अथक प्रयास किया जा रहा है। हाल में ही डिजिटल क्रॉप सर्वे गिरदावरी पंजीयन अवधि 31 अक्टूबर अंतिम तिथि थी उसमें भी मुख्यमंत्री से निवेदन करते हुए 30 नवंबर तक समय अवधि को बढ़ाने का आग्रह किया था जिसमे समय अवधि को बढ़ाया गया। किसान हित हो या जन हित हो या फिर पार्टी संगठन का कार्य हो लगातार किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर अपनी महती भूमिका निभा रहे हैं।
इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर मिश्रा,किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य खेम तिवारी,किसान मोर्चा प्रदेश सोशल मीडिया सह प्रभारी महेश कौशल,बलरामपुर किसान मोर्चा जिला महामंत्री विकास मंडल भी उपस्थित रहे।


